नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर मंगलवार को बड़ा फैसला सामने आया। केंद्र सरकार ने पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बीच NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द करने की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। इस फैसले के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में भारी चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। केंद्र सरकार ने पूरे मामले की जांच Central Bureau of Investigation को सौंप दी है। CBI अब NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक, संगठित नकल और अन्य अनियमितताओं की व्यापक जांच करेगी। सूत्रों के अनुसार, कई राज्यों से प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायतें सामने आने के बाद सरकार पर दबाव बढ़ गया था, जिसके बाद यह बड़ा कदम उठाया गया। मामले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नासिक पुलिस ने इंदिरा नगर इलाके के रहने वाले छात्र शुभम खैरनार को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुभम खैरनार को NEET पेपर लीक मामले में पूछताछ के लिए राजस्थान पुलिस को सौंपा जाएगा। जांच एजेंसियों को शक है कि यह मामला अंतरराज्यीय परीक्षा माफिया से जुड़ा हो सकता है।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने छात्रों को राहत देते हुए कहा है कि दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए नया आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
एजेंसी के अनुसार:
NTA जल्द ही संशोधित परीक्षा कार्यक्रम और दिशा-निर्देश जारी करेगा।
NEET-UG 2026 रद्द होने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। कई अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद पेपर लीक कैसे हुआ। शिक्षा विशेषज्ञों और छात्र संगठनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, विपक्षी दलों ने भी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं। देशभर में अब सभी की नजरें CBI जांच और NEET-UG 2026 की नई परीक्षा तारीखों पर टिकी हुई हैं।
Copyright © 2024 The Views Express, All Rights Reserved. Developed by PRIGROW